मेराल में बाथरूम में पैर फिसलने से 70 वर्षीय अकल राम की मौत, गांव में शोक की लहर

मेराल पश्चिम पंचायत की मुखिया उर्मिला देवी के ससुर एवं समाजसेवी मुन्ना राम के पिता अकल राम (70) वर्ष का गुरुवार को असामयिक निधन हो गया। जानकारी के अनुसार बाथरूम में अचानक पैर फिसलने से गिरकर बेहोश हुए अकल राम को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेराल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार अकल राम पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। गुरुवार दोपहर वे बाथरूम में शौच करने गए थे इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए। घटना के बाद परिजनों में अफरातफरी मच गई। बिना देर किए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेराल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अकल राम की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अचानक हुई मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में चीख-पुकार और करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में उनके आवास पर पहुंचने लगे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
अकल राम के निधन की खबर मिलने पर पूर्व जिप सदस्य संजय भगत, बसपा जिला अध्यक्ष नंदा पासवान झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सूर्य प्रकाश उर्फ सुड्डू, कृष्ण प्रसाद कुशवाहा रामाधार राम, प्रेमचन्द प्रसाद महेंद्र प्रसाद ,बीडीसी नथुन राम, पूर्व मुखिया देवीशरण पासवान अजय राम, संजय राम, नंदू राम जफिर अंसारी समेत कई गणमान्य एवं सामाजिक लोग उनके आवास पहुंचे। लोगों ने अकल राम के अंतिम दर्शन किए तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया।

शुक्रवार को होगा अंतिम संस्कार

परिजनों के अनुसार अकल राम का अंतिम संस्कार शुक्रवार सुबह आठ बजे स्थानीय श्मशान घाट पर किया जाएगा। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ परिचितों और ग्रामीणों में भी शोक का माहौल है।