मृतक राजकुमार के घर पहुंचे मंत्री सुदिव्य सोनू, आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश

गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 20 के 28 नम्बर भंडारीडीह में मृ,तक राजकुमार पासवान (48) के आवास पर आज शनिवार की शाम नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिया। उनके साथ नगर निगम की महापौर प्रमिला मेहरा और उपमहापौर सुमित कुमार भी मौजूद रहे।
मंत्री ने राजकुमार की पत्नी, दोनों बेटियों और एकलौते पुत्र को आश्वस्त किया कि पुलिस फरार फिजियोथैरेपिस्ट चिकित्सक को जल्द ही पकड़कर लाएगी। मौके पर उपस्थित नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह को मंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि आरोपी चिकित्सक की अविलम्ब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
परिवार और मोहल्लेवालों ने बताया कि राजकुमार पासवान परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य थे और उनकी अचानक मौ,त से परिवार पर गहरा आर्थिक और भावनात्मक संकट उत्पन्न हो गया है। परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही की आशंका जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बता दे कि बीते 29 जून को दोपहर करीब 11 बजे राजकुमार पासवान बक्सीडीह रोड झिंझरी मुहल्ला स्थित फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. नवीन कुमार सिन्हा के पास हाथ के दर्द का इलाज कराने गए थे। उसी रात दी गई कथित गलत इंजेक्शन के कारण अगले दिन सुबह उनकी मौ,त हो गई।
मौके पर झामुमो के जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा सहित संतोष पासवान, सुरेश पासवान, प्रदीप पासवान, रामजीत यादव, प्रदीप यादव, अरुण पासवान, अनवर अंसारी, सिराज अंसारी, गौतम पासवान, तरूण पासवान, मनोज तुरी और सैकड़ों लोग मौजूद थे। सभी ने परिवार के साथ एकजुटता व्यक्त की और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और फरार बताए जा रहे फिजियोथैरेपिस्ट डॉ नवीन कुमार सिन्हा की तलाश तेज कर दी गई है। नगर विकास मंत्री ने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में नहीं छोड़ा जाएगा और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी।