करंज पुलिस ने विद्यालय में चलाया जागरूकता अभियान,छात्र-छात्राओं को कानून और सुरक्षा की दी जानकारी।
भरनो(गुमला):- करंज थाना पुलिस द्वारा बुधवार को प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय करंज में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया।अभियान का उद्देश्य बच्चों को विभिन्न सामाजिक अपराधों,कानूनों एवं सुरक्षा संबंधी विषयों के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम में करंज थाना प्रभारी करण टुडू के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।इस दौरान थाना प्रभारी करण टुडू ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट,मानव तस्करी,डायल-112,सड़क सुरक्षा नियम,साइबर अपराध,अंधविश्वास एवं नशापान जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने बच्चों को बताया कि समाज में फैली कुरीतियों एवं अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है।साथ ही किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या परेशानी होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की बात कही।कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने,सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, हेलमेट पहनने तथा कम उम्र में वाहन नहीं चलाने की सलाह दी गई।पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए मोबाइल और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने की जानकारी भी दी।थाना प्रभारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।उन्होंने बच्चों से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा जीवन में अनुशासन अपनाकर सफलता हासिल करने की अपील की।उन्होंने कहा कि बच्चे देश और समाज का भविष्य हैं,इसलिए उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। विद्यालय परिवार ने पुलिस विभाग द्वारा चलाए गए इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे बच्चों के लिए काफी उपयोगी बताया।इस मौके पर एएसआई हरगोविंद सिंह मुंडा,विद्यालय के प्रधानाध्यापक बिनेश्वर सोरेंग सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी,शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

