कांडी स्कूल में पुलिस का जागरूकता अभियान, साइबर सुरक्षा से नशामुक्ति तक दी कानून की जानकारी

साइबर सुरक्षा से नशा मुक्ति तक, छात्रों को दी कानून की जानकारी

कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश सिंह ने कहा सतर्कता और जागरूकता से अपराध पर लग सकता है अंकुश

कांडी (गढ़वा)। कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकीयकृत +2 विद्यालय कांडी में शनिवार को पुलिस की ओर से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, नशा मुक्ति, पोक्सो एक्ट, सड़क सुरक्षा एवं डायल 112 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए बदलते समय में साइबर अपराध के प्रति विशेष रूप से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस की मदद लेने की बात कही।
थाना प्रभारी ने महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में चुप रहने के बजाय परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना देना जरूरी है। पोक्सो कानून के तहत बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। वहीं सड़क सुरक्षा के तहत यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान डायल 112 के संबंध में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए इस सेवा का उपयोग कैसे किया जा सकता है, इसकी जानकारी छात्रों को दी गई।
थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता पैदा कर अपराध की रोकथाम करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध, नशा, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों में जागरूकता को लेकर उत्साह देखा गया। पुलिस के इस अभियान को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी और महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

You may have missed