जुलाई माह में अवैध खनन के मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर वसूली गई 37866400 रुपये की राजस्व

अवैध खनन रोकने के लिए उठाएं सख्त कदम: डीसी सिमडेगा
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा: उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में खनन टास्क फोर्स की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले में अवैध खनन के विरुद्ध संचालित अभियान और की गई कार्रवाइयों की गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जिले में अवैध बालू एवं पत्थर खनन की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को सतत निगरानी बनाए रखने तथा अवैध खनन पर प्रभावी रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।

जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि जुलाई 2025 में अवैध बालू खनन के चार एवं अवैध पत्थर खनन के एक मामले में प्राथमिकी दर्ज कर 37866400 रुपये की राजस्व वसूली की गई है। उपायुक्त ने एनजीटी के आदेशानुसार नदियों से बालू उठाव पर रोक लगाने तथा सतत निगरानी सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने अवैध खनन स्थल, गैरमजरूआ भूमि एवं पुराने खनन पट्टा क्षेत्रों में पत्थर खनन की जांच एवं कार्रवाई करने तथा संचालित खनन पट्टा क्षेत्रों का प्रशाखीय मापी कराने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी ने थाना प्रभारियों, खनन पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर अवैध खनन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हेतु कार्य योजना तैयार करने को कहा।

बैठक में अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र, जिला खनन पदाधिकारी महेंद्र प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय बखला, सभी अंचलाधिकारी, सभी थाना प्रभारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।