जन्म प्रमाण पत्र के लिए चार माह से प्रखंड कार्यालय के चक्कर काट रहे लोग
जन्म प्रमाण पत्र के लिए चार माह से प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगा रहे लोग
केतार। केतार प्रखंड कार्यालय की लापरवाही के कारण जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन देने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुकुंदपुर पंचायत निवासी अजय प्रसाद ने बताया कि उन्होंने अपने नाती अनमोल कुमार गुप्ता का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए करीब चार माह पूर्व आवेदन दिया था, लेकिन आज तक प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं हो सका है।
अजय प्रसाद ने कहा कि उनके नाती का स्कूल में नामांकन कराना है। यदि समय रहते जन्म प्रमाण पत्र नहीं मिला तो बच्चे का एक वर्ष बर्बाद हो सकता है। उन्होंने बताया कि प्रमाण पत्र के लिए लगातार प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है।
इस संबंध में प्रखंड कार्यालय के कर्मी शिव कुमार यादव से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए अनुमंडल कार्यालय जाना पड़ेगा।
वहीं, प्रखंड क्षेत्र के कई अन्य लोगों ने भी जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन देने के बावजूद महीनों से प्रतीक्षा करने की बात कही। लोगों का कहना है कि आवेदन जमा करने के बाद भी यह नहीं बताया जाता कि प्रमाण पत्र कब मिलेगा और इसकी वर्तमान स्थिति क्या है। इससे आम नागरिकों को बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर लंबित जन्म प्रमाण पत्रों का शीघ्र निष्पादन कराने की मांग की है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

