जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक:अवैध खनन एवं परिवहन पर सख्ती, जुलाई में 96 वाहन जब्त

जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक:अवैध खनन एवं परिवहन पर सख्ती, जुलाई में 96 वाहन जब्त

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उपायुक्त श्री शेखावत ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि जुलाई माह में खनन विभाग द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त 44 वाहनों को जब्त करते हुए 34 लाख 85 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, जिला परिवहन विभाग द्वारा 52 वाहन जब्त किए गए तथा 10 लाख 18 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वन विभाग की ओर से इस अवधि में कोई वाद दर्ज नहीं किया गया।

विभिन्न अंचलों द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा के क्रम में कुल 36 वाहन जब्त किए जाने की जानकारी दी गई। इसमें हरिहरगंज एवं हुसैनाबाद अंचल द्वारा सर्वाधिक 5-5 वाहन जब्त किए गए। वहीं, पिछले तीन माह में उंटारी रोड अंचल से कोई कार्रवाई नहीं होने पर उपायुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने खनन से जुड़ी सभी गतिविधियों को निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप संचालित कराने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उन्होंने पुलिस, परिवहन एवं खनन विभाग को आपसी समन्वय के साथ सघन एवं निरंतर छापेमारी अभियान चलाने, प्रमुख मार्गों एवं चेकपोस्टों पर वाहनों की नियमित जांच करने तथा खनन क्षेत्रों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त ने अवैध बालू के संभावित परिवहन मार्गों को चिह्नित कर संबंधित अंचल अधिकारियों को आवश्यकतानुसार ट्रेंच कटिंग कराने का भी निर्देश दिया, ताकि अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

उन्होंने सभी एसडीओ, एसडीपीओ, सीओ एवं थाना प्रभारियों को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सूचना तंत्र को मजबूत बनाने तथा अवैध खनन से संबंधित सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई से ही अवैध खनन एवं परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सकता है।बैठक में सदर एसडीएम, सहायक समाहर्ता, विभिन्न एसडीपीओ, थाना प्रभारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।