झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ, पलामू जिला कमिटी की बैठक सम्पन्न
22 जून 2025 को कचहरी परिसर, डाल्टनगंज में झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ, पलामू जिला कमिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक संघ की जिला अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संघ की राज्य अध्यक्ष श्रीमती अनीता देवी एवं संगठन सचिव श्री रविंद्र भुइयां विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
राज्य अध्यक्ष अनीता देवी ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें एक ओर महिलाओं के सशक्तिकरण की बातें करती हैं, वहीं दूसरी ओर विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली रसोइया बहनों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक लगातार जोखिम भरा काम करने के बावजूद इन्हें केवल ₹3000 मासिक मानदेय दिया जा रहा है, जो इस महंगाई के दौर में बेहद अपमानजनक है।
संघ के संगठन सचिव रविंद्र भुइयां ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह रसोइया, स्वास्थ्य सहिया, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, जल सहिया, पोषण सखी, बैंक सखी, जीविका कैडर जैसी महिला कर्मियों से बिना किसी अधिकार और सम्मान के बेगारी करवा रही है। इन्हें न तो सरकारी कर्मचारी का दर्जा मिला है, न अनुबंध कर्मचारी का, और ना ही इन्हें श्रमिक मानते हुए ₹26,000 मासिक न्यूनतम वेतन दिया जा रहा है। इनका श्रम व्यापक रूप से लूटा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग कंपनियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से मजदूर बहाल कर सरकार काम चला रही है, जिनकी नौकरी अस्थिर है और जीवन असुरक्षित। इनकी मेहनत की कमाई भी लगातार छीनी जा रही है।
इस लूट और शोषण के खिलाफ 9 जुलाई 2024 को देशभर में विभिन्न मजदूर संगठनों द्वारा राष्ट्रीय आम हड़ताल आयोजित की जा रही है, जिसमें रसोइया बहनें भी बढ़-चढ़कर भाग लेंगी।
इस बैठक में कई सक्रिय सदस्य उपस्थित रहीं, जिनमें प्रमुख रूप से
गीता देवी, उषा देवी, कामोंदा देवी, अनीता देवी, उर्मिला देवी, कंचन देवी, चिंता देवी, सरस्वती देवी, तस्मीना खातून, चंपा कुंवर, प्रभावती देवी, लीलावती देवी, सुनीता देवी, अंजू देवी, कलावती देवी, समदो देवी, जमुनी देवी, तरन्नुम कमर, रहनुमा खातून, तथा कपिल देव प्रजापति शामिल रहे।
