झारखंड में धीमी धान खरीद पर चिंता, अवधि बढ़ाने की मांग तेज
झारखंड में खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत धान खरीद की धीमी रफ्तार को देखते हुए इसकी समय-सीमा बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। इसी क्रम में झारखंड प्रदेश लैम्प्स-पैक्स कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंचा और केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी से अवधि विस्तार का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि राज्य में 6 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके विरुद्ध 26 मार्च 2026 तक करीब 71.65 प्रतिशत ही खरीद हो सकी है। धान खरीद की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 तय है, लेकिन कई व्यावहारिक समस्याओं के कारण लक्ष्य पूरा होना कठिन दिख रहा है। इसलिए संघ ने
संघ ने धान खरीद की अवधि 30 अप्रैल 2026 तक बढ़ाएं जाने की मांग की है, जिससे अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके।
प्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य में फसल कटनी में देरी, किसानों द्वारा देर से धान बिक्री, सीमित मिलिंग क्षमता और कई जिलों में राइस मिल की कमी जैसी समस्याएं खरीद प्रक्रिया को प्रभावित कर रही हैं। साथ ही भंडारण की सीमित व्यवस्था भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
दिल्ली प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी से भी मुलाकात कर किसानों और पैक्स कर्मियों की समस्याओं से अवगत कराया। इस पर उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मंत्री से अवधि विस्तार पर विचार करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में केदार प्रसाद यादव, राजकिशोर सिंह, प्रदीप कुमार यादव, बालेश्वर प्रसाद यादव सहित अन्य लोग शामिल थे।

