झारखंड के सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन पर संकट, 9 नवंबर से MDM बंद करने की शिक्षकों ने दी चेतावनी
झारखंड के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना पर संकट गहराता जा रहा है। कुकिंग कॉस्ट की राशि नहीं मिलने और शिक्षकों के बकाया भुगतान को लेकर अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ ने स्पष्ट किया है कि 8 नवंबर तक बकाया राशि का भुगतान नहीं हुआ, तो 9 नवंबर से राज्यभर के संबंधित स्कूलों में मध्याह्न भोजन बंद कर दिया जाएगा।
शिक्षकों का आरोप है कि चालू वित्तीय वर्ष के सात महीने बीतने के बावजूद कुकिंग कॉस्ट की राशि जारी नहीं की गई है। मजबूरी में प्रधानाध्यापक अपनी जेब से बच्चों के भोजन का खर्च उठा रहे हैं। कई स्कूलों में शिक्षकों का निजी खर्च 50 हजार से डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच गया है।
संघ के अनुसार, राशि नहीं होने पर भी प्रधानाध्यापकों पर भोजन जारी रखने का दबाव बनाया जा रहा है। वेतन रोकने और विभागीय कार्रवाई की धमकी देने का भी आरोप है।
संघ ने राज्य मध्याह्न भोजन प्राधिकरण से तत्काल राशि जारी करने और शिक्षकों का बकाया भुगतान करने की मांग की है।

