जेपीएससी पीटी 2025 रिजल्ट का रास्ता साफ, हाईकोर्ट ने खत्म की कानूनी बाधा

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (पीटी) का परिणाम अब जल्द जारी होने की उम्मीद है। झारखंड हाईकोर्ट ने अधिकतम आयु सीमा में छूट से संबंधित सभी याचिकाओं का निपटारा कर दिया है, जिससे परिणाम जारी करने में आ रही कानूनी बाधा समाप्त हो गई है।

जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने कहा कि राज्य सरकार पहले ही कट-ऑफ तिथि में संशोधन कर अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में चार वर्ष की छूट दे चुकी है। ऐसे में याचिकाओं का मूल विवाद समाप्त हो गया है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में आयु सीमा तय करना राज्य सरकार का नीतिगत अधिकार है और सामान्यतः इसमें न्यायालय हस्तक्षेप नहीं करता।

सुनवाई के दौरान JPSC ने अदालत को बताया कि प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम लगभग तैयार है, लेकिन 12 फरवरी 2026 के अंतरिम आदेश के कारण इसे जारी नहीं किया जा सका था। अब अदालत के फैसले के बाद आयोग के लिए परिणाम प्रकाशित करने का रास्ता साफ हो गया है।

इस फैसले पर रांची विश्वविद्यालय के लीगल स्टडी सेंटर के छात्र नेता तुषार कुमार ने कहा कि हाईकोर्ट का निर्णय कानून और प्रशासनिक प्रक्रिया दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इससे भविष्य में ऐसे मामलों में स्पष्टता आएगी और आयोग बिना किसी कानूनी अड़चन के परिणाम जारी कर सकेगा।