हरिहरगंज में बिजली संकट से त्राहिमाम, रात 10 बजे ग्रिड पहुंचे ग्रामीण

हरिहरगंज में बिजली संकट से त्राहिमाम, रात 10 बजे ग्रिड पहुंचे ग्रामीण

पलामू के हरिहरगंज में लगातार बिजली संकट से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश देर रात सामने आया। रात करीब 10 बजे बिजली नहीं रहने से नाराज लोग बिजली ग्रिड पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में मुश्किल से दो से चार घंटे बिजली मिल रही है। बिजली कटौती के कारण घरों की पानी टंकियां नहीं भर पा रही हैं, बैटरी भी जवाब दे रही है और भीषण गर्मी में छोटे बच्चों को सोने में परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने सांसद बीडी राम से बातचीत कर बिजली की समस्या से अवगत कराया। अभिभावकों ने बताया कि बिजली नहीं रहने के कारण बच्चों को हाथ से पंखा झलकर सुलाना पड़ रहा है। सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन द्वारा पूर्व में भी आक्रोश रैली, धरना और प्रदर्शन के माध्यम से बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की गई, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार स्थिति में सुधार के बजाय समस्या और गंभीर होती जा रही है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से हरिहरगंज में नियमित और 24 घंटे बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। बिजली संकट को लेकर लोगों में काफी आक्रोश और नाराजगी है। सांसद बीडी राम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे।