हरिहरगंज के सरसोत गांव से युवक गिरफ्तार, निशानदेही पर दो देशी कट्टा बरामद
हरिहरगंज के सरसोत गांव से युवक गिरफ्तार, निशानदेही पर दो देशी कट्टा बरामद
हरिहरगंज (पलामू)। झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सरसोत गांव में अवैध हथियार रखने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर दो देशी कट्टा बरामद किया है। मामले की जानकारी छतरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सरसोत गांव का एक युवक अवैध देशी कट्टा अपने पास रखे हुए है। सूचना के आधार पर पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरसोत गांव निवासी उपेंद्र साव के पुत्र अभय कुमार उर्फ अभय राज उर्फ लड्डू (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर दो अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए दो अवैध देशी कट्टा बरामद किए गए। बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों हथियारों को जब्त कर लिया। इस संबंध में हरिहरगंज थाना में कांड संख्या 105/2026 दर्ज किया गया है। मामले में गिरफ्तार युवक तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए एवं 26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। छापामारी दल में एसआई कुमार सौरभ, अविनाश कुमार, पथरा पिकेट प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह, हवलदार हेमंत भेंगरा, लालबाबू यादव, अशोक यादव, रमेश उरांव, प्रीतम कुमार जायसवाल, गणेश साह, चालक आरक्षी सुधीर प्रकाश एवं सहायक पुलिस राजेंद्र यादव शामिल थे।

