हज यात्रा को लेकर गुमला में 21 जायरीनों का प्रशिक्षण संपन्न, धार्मिक विधियों से लेकर स्वास्थ्य व सुरक्षा पर दिया गया विशेष मार्गदर्शन
हज यात्रा को लेकर गुमला में 21 जायरीनों का प्रशिक्षण संपन्न, धार्मिक विधियों से लेकर स्वास्थ्य व सुरक्षा पर दिया गया विशेष मार्गदर्शन
गुमला — इस वर्ष गुमला जिले से हज यात्रा पर जाने वाले कुल 21 जायरीनों के लिए हज कमिटी ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार आवश्यक प्रक्रियाओं के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर के थाना रोड स्थित अर्स पैलेस में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में सभी चयनित हाजियों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जायरीनों को हज यात्रा के दौरान संपन्न होने वाली धार्मिक, शारीरिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी देना रहा, ताकि वे अपनी पवित्र यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और सहज रूप से पूर्ण कर सकें।
कार्यक्रम में स्टेट हज इंस्पेक्टर वाहिद अंसारी ने हज से जुड़ी तमाम महत्वपूर्ण जानकारियों को विस्तार से साझा किया। उन्होंने हज के अरकान, तवाफ, सई, कंकरी मारने की प्रक्रिया, कुर्बानी, मीना–मुज़दलिफा एवं अराफात में ठहराव सहित यात्रा के प्रत्येक चरण को क्रमवार और सरल शब्दों में समझाया। साथ ही उन्होंने भीड़ प्रबंधन, आवागमन, सुरक्षा उपायों और अनुशासन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि हज यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
इस अवसर पर हज कमिटी के जिला को-ऑर्डिनेटर हाजी हसनैन ने मेडिकल जांच एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हज एक लंबी और कठिन यात्रा होती है, इसलिए जायरीनों का शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि किसी आपात स्थिति में प्रशासनिक और चिकित्सीय सहायता किस प्रकार प्राप्त की जाए, इसकी जानकारी भी प्रशिक्षण के दौरान दी गई।
हाजी हसनैन ने जानकारी दी कि इस वर्ष गुमला जिले से मो. अब्दुल वहीद अंसारी, अम्बारी, मो. शारिक, बेबी, मोहम्मद, सुफेदा, जाकिर, यासमीन, अब्दुल, तल्हा, जुनैद, फरहत, एजाजुल, शहनाज, मोहम्मद महफूज़, शकीला, ऐनुल, राबिया, मो. जहीर उद्दीन, हाफिज महफिजूर रहमान एवं राशिद सहित कुल 21 जायरीन हज यात्रा पर जाएंगे।
उन्होंने बताया कि हज यात्रा को ध्यान में रखते हुए 12 फरवरी को सभी जायरीनों के लिए वैक्सीनेशन की व्यवस्था की गई है। इस संबंध में सदर अस्पताल के सिविल सर्जन एवं डिप्टी सुपरिंटेंडेंट से समन्वय स्थापित कर लिया गया है और निर्धारित तिथि को समय पर वैक्सीनेशन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
वहीं हाजी हामिद ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह के मार्गदर्शन से हाजियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे यात्रा के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से बेहतर ढंग से तैयार हो पाते हैं।

