गुमला में ‘स्मैशथॉन 2.0’ का आगाज, उपायुक्त समेत अधिकारियों ने भी खेला बैडमिंटन

फीता काटकर उपायुक्त ने किया ‘स्मैशथॉन 2.0-2026’ का शुभारंभ

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुमला जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट का आगाज, उपायुक्त समेत अधिकारियों ने भी खेला बैडमिंटन

गुमला। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, गुमला के तत्वावधान में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, माइंस डिवीजन के सहयोग से आयोजित ‘स्मैशथॉन 2.0-2026 – गुमला जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट’ का गुरुवार को इंडोर स्टेडियम, गुमला में उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ। उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने फीता काटकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।

टूर्नामेंट के उद्घाटन के अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन एवं डीसीएलआर राजीव कुमार ने स्वयं बैडमिंटन खेलकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। अधिकारियों के खेल मैदान में उतरने से खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

उपायुक्त ने प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे सभी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका परिचय प्राप्त किया तथा उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

इस मौके पर उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले में खेल गतिविधियों को लगातार प्रोत्साहन मिले और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर मिलें।

उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने कहा कि बैडमिंटन जैसे खेल युवाओं में अनुशासन, फिटनेस और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। स्मैशथॉन 2.0-2026 जिले के खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की।

15 अगस्त तक चलेगा टूर्नामेंट

स्मैशथॉन 2.0-2026 का आयोजन 13 से 15 अगस्त 2026 तक इंडोर स्टेडियम, गुमला में किया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करने की दिशा में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में डीसीएलआर राजीव कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी महेश्वर महतो, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा, जिला सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी एलीना दास, आईटी मैनेजर राजीव रौशन सहित अन्य अधिकारी, खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।