गुमला के 20 विद्यार्थियों का अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय में चयन, उपायुक्त ने दी शुभकामनाएँ

गुमला के 20 विद्यार्थियों का अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय में चयन, उपायुक्त ने दी शुभकामनाएँ

ब्रिज प्रोग्राम के तहत बेंगलुरु और भोपाल परिसर में मिलेगा प्रवेश, पूर्ण अनुदान पर करेंगे उच्च शिक्षा प्राप्त

गुमला। गुमला जिले के लिए गर्व की बात है कि ब्रिज प्रोग्राम के तहत इस वर्ष जिले के 20 मेधावी विद्यार्थियों का चयन अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय में हुआ है। चयनित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त ने मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस वर्ष चयनित 20 विद्यार्थियों में से 12 विद्यार्थियों का चयन विश्वविद्यालय के बेंगलुरु परिसर तथा 8 विद्यार्थियों का चयन भोपाल परिसर के लिए हुआ है। ये विद्यार्थी अंग्रेजी ऑनर्स, अर्थशास्त्र ऑनर्स, भौतिकी ऑनर्स, पर्यावरण विज्ञान एवं सतत विकास, इतिहास तथा सामाजिक विज्ञान सहित विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में अध्ययन करेंगे। सभी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में पूर्ण अनुदान (स्कॉलरशिप) के आधार पर उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में ऐसे अवसर बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले विद्यार्थियों के साथ अध्ययन और रहन-सहन से नई सोच, विविध अनुभव और सीखने के अनेक अवसर मिलते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अवसर का भरपूर लाभ उठाते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा गुमला जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पिछले वर्ष ब्रिज प्रोग्राम के तहत चयनित कुछ विद्यार्थी, जो वर्तमान में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान गुमला आए हुए हैं, भी मौजूद रहे। उप विकास आयुक्त ने उनसे नए चयनित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के साथ विश्वविद्यालय के अपने अनुभव साझा करने का आग्रह किया।

प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने बताया कि विश्वविद्यालय में उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने, व्यावहारिक शिक्षा प्राप्त करने तथा विभिन्न सामाजिक विषयों पर कार्य करने के भरपूर अवसर मिलते हैं। इसके साथ ही खेल, नाटक, संगीत, कला एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी रुचि के अनुसार भाग लेने की सुविधा उपलब्ध है, जिससे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है।

कार्यक्रम के दौरान चयनित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए इस अवसर के लिए जिला प्रशासन एवं अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के नए द्वार खोलने का कार्य कर रही है।