ग्रिज़ली विद्यालय में एनडीए के लिए काउन्सलिंग सेमिनार का आयोजन

0
ec37c03e-03ce-4db7-828f-9c9ed0d94ea6

ग्रिज़ली विद्यालय में एनडीए के लिए काउन्सलिंग सेमिनार का आयोजन

कोडरमा – ग्रिजली विद्यालय के सभागार में कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए स्टूडेंट सर्विस सेल के द्वारा भारतीय सेना में कमीशन अफसर के तौर पर अपनी सेवा देने के इच्छुक युवाओं को कैरियर के अवसरों के बारे में युवा मन को प्रेरित और प्रबुद्ध करने के लिए एक कैरियर काउन्सलिंग सेमिनार आयोजित किया गया जिसमें मुख्य वक्ता के तौर पर भारतीय सेना के रिटायर्ड ब्रिगेडियर अमर नारायण शामिल हुए और भारतीय सशस्त्र बलों में जीवन और अवसरों के बारे में बहुमूल्य जानकारी को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से साझा किया। सैनिक स्कूल तिलैया के पूर्व छात्र ब्रिगेडियर अमर नारायण ने 1981 में नेशनल डिफेंस अकादमी में प्रवेश प्राप्त किया था एवम 1985 में आर्मी एयर डिफेंस में कमीशन हुए थे। स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड के प्रेसिडेंट के तौर पर ब्रिगेडियर अमर नारायण ने 3 साल के सेवा अवधि में 3000 से ज्यादा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवम स्क्रीनिंग किया है। कार्यक्रम की शुरुवात में विद्यालय की प्राचार्या अंजना कुमारी ने मुख्य वक्ता ब्रिगेडियर अमर नारायण का स्वागत पौधा देकर किया। अपने स्वागत संबोधन में प्राचार्या अंजना कुमारी ने कहा कि भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना हर छात्र का सपना होता है मगर सभी सफल नहीं हो पाते है परंतु संपूर्ण जानकारी एवम तैयारी के द्वारा ये सपना जरूर पूरा हो सकता है और ऐसे सेमिनार के माध्यम से छात्र अपने इस सपने के और करीब आ सकते है। मुख्य वक्ता ब्रिगेडियर अमर नारायण ने छात्रों को भारतीय सेना में उपलब्ध कैरियर की संभावनाओं की गहरी समझ प्रदान कराई एवम उनसे जुड़ी अनूठी जीवनशैली और मूल्यों पर भी प्रकाश डाला। ब्रिगेडियर अमर नारायण ने अपने व्यापक अनुभव और ज्ञान को छात्रों के सामने प्रस्तुत करते हुए उन्हें देश सेवा में जाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एनडीए, सीडीएस और एएफसीएटी, टीईएस, अग्निवीर सहित विभिन्न प्रवेश मोड पर चर्चा की, जिसके माध्यम से छात्र भारतीय सेना में अपना करियर बना सकते हैं। उन्होंने छात्रों को एसएसबी में होने वाली प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। इसके अलावा मुख्य वक्ता ने छात्रों के उन गुणों और विशेषताओं पर भी जोर दिया जो सशस्त्र बल संभावित उम्मीदवारों में तलाशते हैं, जैसे अनुशासन, नेतृत्व और देशभक्ति की मजबूत भावना। सत्र के दौरान, छात्रों को सशस्त्र बलों में चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण और जीवन के बारे में प्रश्न पूछने और अपने संदेहों को स्पष्ट करने के लिए प्रोत्साहित किया गया जिसमे शामिल होकर छात्रों ने मुख्य वक्ता से अनेक प्रश्न किये और जिनका जवाब मुख्य वक्ता के द्वारा दिया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में संयोजक विजय कुमार सिंह, जीतेन्द्र चौधरी, बुद्ध देब नस्कर, सुधांशु कुमार, पंकज उपाध्याय, सुनील साव, शिक्षक कुमार राजीव, शफीक आलम, संजीव कुमार जयसवाल, नागेंद्र कुमार, संतोष कुमार आदि का योगदान सराहनीय था। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक सुप्रतिम बोस एवं धन्यवाद ज्ञापन स्टूडेंट सर्विस सेल के संयोजक सुधांशु कुमार ने किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य वक्ता ब्रिगेडियर अमर नारायण को विद्यालय की प्राचार्या अंजना कुमारी ने प्रतिक चिह्न एवं मेमेंटो देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *