गमगीन माहौल में पंचतत्व में विलीन हुईं प्रभा शाहाबादी, बेटे वैभव ने दी मुखाग्नि; अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
गमगीन माहौल में पंचतत्व में विलीन हुईं प्रभा शाहाबादी, बेटे वैभव ने दी मुखाग्नि; अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी की पत्नी प्रभा शाहाबादी (62) शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गईं। बरमसिया स्थित मारवाड़ी मुक्ति धाम में पूरे गमगीन माहौल के बीच उनके पुत्र वैभव शाहाबादी ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जिले के कई जाने-माने उद्योगपतियों समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
इससे पहले शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे शाहाबादी हाउस से प्रभा शाहाबादी की अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
प्रभा शाहाबादी के निधन की खबर शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे सामने आई थी। वह 62 वर्ष की थीं और पिछले कुछ वर्षों से बीमार चल रही थीं। निधन की खबर मिलते ही शाहाबादी आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने और अंतिम दर्शन के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। शुक्रवार से ही बड़ी संख्या में लोग उनके अंतिम दर्शन के लिए कतार में खड़े रहे।
पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी ने बताया कि उनकी पत्नी लंबे समय से बीमार थीं। उन्होंने कहा कि प्रभा शाहाबादी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही थी। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ परिचितों, शुभचिंतकों और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।
मारवाड़ी मुक्ति धाम में अंतिम संस्कार के दौरान लोगों ने दिवंगत प्रभा शाहाबादी के पार्थिव शरीर पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
अंतिम यात्रा में लाल स्टील के डायरेक्टर जय प्रकाश लाल, बाबा टीएमटी के मोहन साव, अजय बागड़िया, राजू बागड़िया, प्रकाश सहाय, राजेश शर्मा, गुड्डू सिंह, दिनेश यादव, पूर्व महापौर सुनील पासवान ,उप महापौर सुमित कुमार, रंजीत राय, विनय सिंह, सुभाष चंद्र सिन्हा ,मिथुन चंद्रवंशी, ,सिंकू गुड्डू यादव, राज कुमार राज, सुरेश मंडल, शिवनाथ साव, महेंद्र वर्मा, नवीन सिन्हा, मनोज शंघाई सहित शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
प्रभा शाहाबादी के निधन से शाहाबादी परिवार के साथ-साथ गिरिडीह के सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में भी शोक की लहर है।

