गिरिवर +2 उच्च विद्यालय के शिक्षक संदीप जायसवाल को तत्काल निलंबित कर विभागीय कार्रवाई की जाए : अभिषेक राज

गिरिवर +2 उच्च विद्यालय के शिक्षक संदीप जायसवाल को तत्काल निलंबित कर विभागीय कार्रवाई की जाए : अभिषेक राज

मेदिनीनगर।

आजसू छात्र संघ के प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष अभिषेक राज ने राजकीयकृत गिरिवर +2 उच्च विद्यालय, मेदिनीनगर के शिक्षक संदीप जायसवाल पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों एवं विद्यार्थियों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला अत्यंत गंभीर प्रतीत होता है। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाना चाहिए।अभिषेक राज ने कहा कि नामांकन प्रक्रिया में कथित अवैध वसूली, उपस्थिति प्रबंधन के नाम पर पैसों की मांग, विद्यार्थियों को निजी कोचिंग के लिए दबाव बनाना, प्रायोगिक परीक्षा में अंक प्रभावित करने की धमकी देना तथा विद्यालयी व्यवस्था का दुरुपयोग करने जैसे आरोप शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाले हैं। यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो ऐसे व्यक्ति का शिक्षक पद पर बने रहना विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय होगा।उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के ज्ञान, संस्कार एवं व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र होता है। ऐसे में यदि कोई शिक्षक अपने पद का दुरुपयोग कर आर्थिक लाभ अर्जित करने का प्रयास करता है तो उस पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। आजसू छात्र संघ किसी भी कीमत पर विद्यार्थियों के शोषण को बर्दाश्त नहीं करेगा।अभिषेक राज ने कहा की सोमवार को झारखंड सरकार, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, उपायुक्त पलामू एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी से आजसू छात्र संघ का प्रतिनिधिमंडल मिलकर मांग करेगा कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जांच अवधि के दौरान शिक्षक संदीप जायसवाल को तत्काल निलंबित किया जाए। जांच में आरोप सिद्ध होने पर उन्हें सेवा से बर्खास्त (निष्कासित) करते हुए विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन इस गंभीर मामले पर शीघ्र कार्रवाई नहीं करता है तो आजसू छात्र संघ छात्रों एवं अभिभावकों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन चलाने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन की होगी।