गिरिडीह पुलिस को मिली बड़ी मजबूती, डायल-112 के 32 नए वाहनों को DC-SP ने दिखाई हरी झंडी

गिरिडीह पुलिस को मिली बड़ी मजबूती, डायल-112 के 32 नए वाहनों को DC-SP ने दिखाई हरी झंडी

गिरिडीह। जिले में कानून-व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार की डायल-112 परियोजना के तहत मिले 32 नए आपातकालीन वाहनों को शुक्रवार को पुलिस केंद्र परिसर से रवाना किया गया। उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वाहनों को विभिन्न थानों के लिए रवाना किया।

डायल-112 एकीकृत आपातकालीन सेवा के तहत दुर्घटना, अपराध, चिकित्सा सहित अन्य आपात स्थितियों में लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की रिस्पॉन्स टाइम कम होने और घटनास्थल पर तेजी से पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, इन वाहनों से जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त व्यवस्था भी मजबूत होगी। इससे अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। प्रशासन ने कहा कि डायल-112 सेवा के विस्तार से आम नागरिकों को आपात स्थिति में पहले से अधिक तेज और प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी।