गिरिडीह में Voter Helpline एवं मतदाता सहायता केंद्र का शुभारंभ, SIR-2026 अभियान को मिलेगी रफ्तार

गिरिडीह। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल और प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर में आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार और उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर ‘Voter Helpline एवं मतदाता सहायता केंद्र’ का विधिवत शुभारंभ किया। समारोह में सदर अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी पायल राज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर, सोशल मीडिया पब्लिसिटी ऑफिसर आशुतोष तिवारी सहित निर्वाचन शाखा के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि यह केंद्र लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ तथा सहभागी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन और सहायता केंद्र मतदाताओं को SIR-2026 से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी, मार्गदर्शन और सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराएगा। मतदाता गणना प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन, विलोपन और स्थानांतरण सहित विभिन्न निर्वाचन प्रक्रियाओं के संबंध में यहां परामर्श मिलेगा।
उपायुक्त ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे 30 जून से प्रारंभ होने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और प्रशासन का सहयोग करें ताकि लोकतंत्र और अधिक सशक्त व पारदर्शी बने।
उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता और समावेशिता लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा त्रुटियों का समयबद्ध निराकरण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्मृता कुमारी ने कहा, “कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न रहे।” इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और मतदाताओं की सुविधा हेतु हेल्पलाइन एवं सहायता केंद्र को पूरी तरह सक्रिय किया गया है।
समारोह के दौरान निर्वाचन शाखा के अधिकारी व अन्य संबंधित प्रतिनिधियों ने सुविधाओं से संबंधित विस्तार से जानकारी दी और नागरिकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।