गिरिडीह में पुतला दहन को लेकर भाजपा-पुलिस में नोकझोंक, कई कार्यकर्ता हिरासत में
गिरिडीह में पुतला दहन को लेकर भाजपा-पुलिस में नोकझोंक, कई कार्यकर्ता हिरासत में
गिरिडीह। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के दौरान शुक्रवार को छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट की घटना को लेकर शनिवार को गिरिडीह में सियासी घमासान और तेज हो गया। भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने झंडा मैदान पहुंचे।
स्थिति को देखते हुए झंडा मैदान से टावर चौक तक भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं के पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें पुतला दहन करने से रोक दिया और उनके हाथों से मुख्यमंत्री का पुतला ले लिया। इसके बाद पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक एवं धक्का-मुक्की हुई। कार्यकर्ता पुतला दहन करने की मांग पर अड़े रहे।
काफी खींचतान के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों के सदस्यों ने झंडा मैदान समेत शहर के अलग-अलग स्थानों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस ने दो दर्जन से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मुफस्सिल थाना एवं स्टेडियम पहुंचाया। पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती बनी रही।
दरअसल, शुक्रवार को छात्र मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने झंडा मैदान पहुंचे थे। इसी दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ उनका विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के बाद छात्रों के साथ मारपीट की गई, जिसमें कई छात्र घायल हुए। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद से ही जिले का राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है।
भाजपा ने छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का ऐलान किया था। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। शनिवार को झंडा मैदान से टावर चौक तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर रखती रही।

