गिरिडीह में मर्सी हॉस्पिटल का सराहनीय प्रयास: जीतपुर में 150 से अधिक ग्रामीणों ने लिया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ
मर्सी हॉस्पिटल का सराहनीय प्रयास, जीतपुर में स्वास्थ्य शिविर का किया आयोजन, 150 से अधिक ग्रामीणों ने लिया मुफ्त शिविर का लाभ
गिरिडीह। सामाजिक दायित्व निभाते हुए मर्सी हॉस्पिटल ने गिरिडीह प्रखंड के जीतपुर में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। सुबह से उमड़ी भारी भीड़ के बीच 150 से अधिक ग्रामीणों व जरुरतमंद मरीजों ने मुफ्त चिकित्सकीय परामर्श, जांच व दवा वितरण का लाभ उठाया।
शिविर में मर्सी हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पी. एच. मिश्रा व शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका अग्रवाल ने व्यक्तिगत रूप से मरीजों की जांच की। सामान्य रोग, मौसमी बीमारियां, बुखार, सर्दी-खांसी, ब्लड प्रेशर, मधुमेह, कमजोरी व बच्चों की स्वास्थ्य समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया गया। बड़ी संख्या में बच्चों को डॉ. प्रियंका अग्रवाल ने जांचकर उचित सलाह दी।
डॉ. प्रियंका अग्रवाल ने अभिभावकों को बच्चों के पोषण, टीकाकरण, संक्रमण से बचाव व नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार से शारीरिक-मानसिक विकास सुनिश्चित होता है। वहीं डॉ. पी. एच. मिश्रा ने बताया कि अस्पताल का लक्ष्य ग्रामीणों तक सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। ऐसे शिविर भविष्य में भी जारी रहेंगे।
स्थानीय ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन व चिकित्सकों का आभार जताते हुए कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों से निःशुल्क परामर्श मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली। इस प्रयास से स्वास्थ्य जागरूकता भी बढ़ी।

