गिरिडीह में कपड़ा शोरूम में बड़ी चोरी, छत काटकर नकदी और CCTV उपकरण ले उड़े चोर

गिरिडीह। नगर थाना क्षेत्र के अम्बेडकर चौक के समीप गिरिडीह-पचंबा मुख्य मार्ग स्थित हुसैन कपड़ा शोरूम में मंगलवार को चोरी की घटना सामने आई। चोरों ने शोरूम की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और नकदी सहित कई सामानों पर हाथ साफ कर दिया।
शोरूम के मैनेजर अरुण कुमार ने बताया कि सोमवार रात अज्ञात चोरों ने घटना को अंजाम दिया। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पर अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और छत कटी हुई थी।
जांच के दौरान पता चला कि दुकान में रखे 38 हजार 650 रुपये नकद, सीसीटीवी कैमरा, जियो फाइबर कनेक्शन से जुड़े उपकरण तथा अन्य सामान चोरी कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि शोरूम में रखे कपड़ों और अन्य स्टॉक का मिलान किया जा रहा है। स्टॉक का पूरा आकलन होने के बाद ही कुल नुकसान की सही जानकारी मिल सकेगी। आशंका है कि चोरी गई संपत्ति की कीमत लाखों रुपये तक हो सकती है।
घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दे दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।

You may have missed