गिरिडीह में कार-बाइक की टक्कर, दंपति गंभीर घायल, चालक पकड़ा गया
गिरिडीह। जिले के तिसरी थाना क्षेत्र के तिसरी-चंदौरी मुख्य मार्ग पर सोमवार को बरहमसिया-हुसैनी मोड़ के समीप एक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। दंपति में घायल पति की जांघ की हड्डी टूटने पर उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान गांवा थाना क्षेत्र के हरनी निवासी अब्दुल हुसैन के 25 वर्षीय पुत्र शोएब अख्तर और उनकी पत्नी साहिन परवीन के रूप में हुई है। दोनों शोएब की बहन के ससुराल बहरवाबांक से वापस लौट रहे थे कि बरहमसिया-हुसैनी मोड़ के पास सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक सहित दोनों सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत तिसरी थाना को सूचना दी। सूचना पाकर थाना के एएसआई लव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल दंपति को थाना की गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तिसरी पहुंचाया गया। सीएचसी के चिकित्सकों ने शोएब अख्तर की स्थिति गंभीर बताई और उनकी जांघ की हड्डी टूटने की पुष्टि करते हुए उसे उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर कर दिया। वहीं पत्नी साहिन परवीन का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही किया गया।
पुलिस के अनुसार घटना के समय कार चालक मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

