गिरिडीह में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, पंडालों में CCTV और फायर सेफ्टी अनिवार्य
गिरिडीह। आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को नगर थाना सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने की। मौके पर सभी समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ पूजा समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने पूजा समितियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी उपकरण, महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश लाइन तथा अलग एंट्री व एग्जिट गेट अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।
डीएसपी ने बताया कि पूजा के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही सभी पूजा समितियों के वालंटियर्स को पुलिस की ओर से पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में समन्वय बना रहे।
बैठक में उपस्थित लोगों ने पानी, बिजली और ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की। प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श हुआ। डीएसपी ने कहा कि सभी मुद्दों पर प्रशासन गंभीर है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहेगा। ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील इलाकों में दंडाधिकारी के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
बैठक में नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, ट्रैफिक इंस्पेक्टर डुगनु टोपनो समेत कई पुलिस पदाधिकारी और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

