गिरिडीह में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 750 लीटर चुलाई शराब बरामद

गिरिडीह। आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध सघन अभियान चला रहा है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर उत्पाद विभाग द्वारा गावाँ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 750 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।
उपायुक्त ने उत्पाद विभाग को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाते हुए दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में उत्पाद विभाग ने गावाँ थाना के सहयोग से बरमसिया पिकेट, थाना-गावाँ क्षेत्र में सघन छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान 750 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। बरामद शराब को नियमानुसार जब्त करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है, जबकि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई जारी है।
उपायुक्त ने कहा कि पर्व-त्योहारों के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार छापेमारी एवं निगरानी सुनिश्चित की जाए। संबंधित पदाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।