गिरिडीह में आदिवासी महोत्सव को लेकर भव्य रैली, ढोल-नगाड़ों के साथ दिखी आदिवासी एकता

गिरिडीह में आदिवासी महोत्सव को लेकर भव्य रैली, ढोल-नगाड़ों के साथ दिखी आदिवासी एकता

गिरिडीह। आदिवासी महोत्सव को लेकर आदिवासी छात्र संघ की ओर से रविवार को शहर में भव्य रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां, छात्र-छात्राएं और आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक वेशभूषा के साथ रैली झंडा मैदान से शुरू होकर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरते हुए नगर भवन पहुंची, जहां सभी लोग आदिवासी महोत्सव के कार्यक्रम में शामिल हुए।

रैली में शामिल लोगों के हाथों में ‘जय-जय आदिवासी’, ‘आदिवासी एकता जिंदाबाद’, ‘जय जोहार का नारा है भारत देश हमारा है’ समेत विभिन्न संदेशों वाली तख्तियां थीं। आदिवासी समाज के महापुरुषों और नेताओं की स्मृति में भी नारे लगाए गए। रैली के दौरान शहर का माहौल आदिवासी संस्कृति और एकजुटता के रंग में रंगा नजर आया। नगर भवन में आयोजित महोत्सव में आदिवासी संस्कृति, लोक परंपराओं और जल-जंगल-जमीन से जुड़ी विरासत को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।