गिरिडीह : मानसिक तनाव में इंटर की छात्रा ने की आत्महत्या

गिरिडीह : मानसिक तनाव में इंटर की छात्रा ने की आत्महत्या

गिरिडीह शहर के राजपूत मुहल्ले में रविवार को एक दुखद घटना सामने आई, जहां इंटर की छात्रा सावित्री टुडू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्रा पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से जूझ रही थी।

मृतका आरके महिला कॉलेज की छात्रा थी और अपनी बड़ी बहन के साथ किराए के मकान में रहती थी। उसकी बहन न्यू समाहरणालय भवन में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय बहन बाजार गई हुई थी, इसी दौरान सावित्री ने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

बाजार से लौटने पर दरवाजा बंद मिला। शक होने पर मकान मालिक की मदद से दरवाजा खोला गया, जहां छात्रा का शव फंदे से झूलता मिला। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मृतका ताराटांड़ थाना क्षेत्र के शंकरडीह गांव निवासी संझला टुडू की पुत्री बताई जा रही है।