गिरिडीह कॉलेज में NCC रैंक सेरेमनी, 6 कैडेट्स को मिली नई जिम्मेदारी
गिरिडीह कॉलेज में NCC रैंक सेरेमनी, 6 कैडेट्स को मिली नई जिम्मेदारी
गिरिडीह। गिरिडीह कॉलेज में एनसीसी कैडेट्स की रैंक सेरेमनी का आयोजन गरिमापूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कैडेट्स की मेहनत, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को सम्मान देते हुए छह कैडेट्स को विभिन्न रैंक प्रदान किए गए।
एनसीसी की सीटीओ प्रो. विनीता कुमारी ने रमेश सोरेन को सीनियर अंडर ऑफिसर, शुभम राजपूत, संध्या कुमारी और रूबी कुमारी को अंडर ऑफिसर, रवि रंजन बास्की को कंपनी सार्जेंट मेजर तथा शुभम कुमार तिवारी को सार्जेंट का रैंक प्रदान किया।
नई जिम्मेदारी मिलने पर कैडेट्स में उत्साह देखने को मिला। सभी ने एनसीसी की गरिमा, अनुशासन और परंपरा को बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सीटीओ प्रो. विनीता कुमारी ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। रैंक केवल पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने सभी रैंकधारी कैडेट्स से ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स भविष्य के जिम्मेदार नागरिक और कुशल नेतृत्वकर्ता बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। रैंक प्राप्त करने वाले सभी कैडेट्स को शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल रहा। मौके पर पूर्व सीनियर अंडर ऑफिसर सागेन सोरेन, अंडर ऑफिसर सलोनी जायसवाल, उमेश सोरेन, सविता मरांडी समेत सैकड़ों एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।

