गिरिडीह के 41 स्कूलों में चला छात्र जागरूकता अभियान, पुलिस अधिकारियों ने कानून और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी
गिरिडीह। पुलिस अधीक्षक गिरिडीह डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर आज जिले भर में “छात्र जागरूकता अभियान” का आयोजन किया गया। उसी के अंतर्गत जिले के कुल 41 विद्यालयों में खाकी वर्दी के अधिकारियों ने छात्रों को कानून, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के नियमों से अवगत कराया।
अभियान का नेतृत्व करते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार जमुआ थाना क्षेत्र के लंगटा बाबा उच्च विद्यालय, मिर्जागंज पहुंचे और विद्यार्थियों को सीधे संबोधित किया। उन्होंने सरल भाषा में नए आपराधिक कानूनों, ई-एफआईआर/ज़ीरो एफआईआर सुविधाओं, महिला व बाल सुरक्षा संबंधी प्रावधानों तथा डिजिटल साक्ष्यों के महत्व की जानकारी दी।
जिले के सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर तथा थाना व ओपी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के चिन्हित स्कूलों में कक्षाएं लीं। अधिकारियों ने म्यूल अकाउंट, सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग/सेक्सटॉर्शन, टास्क फ्रॉड और ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर ख़तरों से सावधान रहने की सलाह दी और साइबर ठगी की तत्काल शिकायत के लिए 1930 राष्ट्रीय हेल्पलाइन व cybercrime.gov.in का सहारा लेने को कहा।
सड़क सुरक्षा पर विद्यार्थियों को अंडरएज ड्राइविंग के खतरों, आईएसआई मार्क वाले हेलमेट के उपयोग, ट्रिपल राइडिंग न करने और गुड समेरिटन (नेक नागरिक) कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। स्कूली बच्चों ने अधिकारियों से खुलकर प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने स्पष्ट एवं आत्मीयता से उत्तर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “छात्र हमारे समाज का भविष्य हैं। यदि बच्चे कानून के प्रति सजग, डिजिटल दुनिया में सतर्क और सड़क पर अनुशासित रहेंगे, तो सुरक्षित व अपराध-मुक्त समाज का निर्माण संभव है। गिरिडीह पुलिस का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच की दूरी मिटाकर युवाओं को सशक्त बनाना है।”

