गढ़वा पेट्रोल पंप डीलरशिप एसोसिएशन की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा
गढ़वा जिला पेट्रोल पंप डीलरशिप एसोसिएशन की बैठक संपन्न, विभिन्न समस्याओं पर हुई चर्चा
गढ़वा। गढ़वा जिला पेट्रोल पंप डीलरशिप एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक रंका मोड़ स्थित एसोसिएशन के महामंत्री आनंद प्रकाश दुबे के अंबालाल पेट्रोल पंप परिसर में एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अलखनाथ पाण्डेय जी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले के विभिन्न पेट्रोल पंप संचालकों ने भाग लिया तथा वर्तमान समय में पेट्रोल पंप संचालकों एवं वहां कार्यरत कर्मचारियों को हो रही समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पेट्रोल पंप संचालन में आ रही दैनिक चुनौतियों, सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों के कार्य वातावरण, बढ़ते दबाव तथा तकनीकी और प्रबंधन संबंधी परेशानियों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। एच.के. पैट्रोलियम गढ़वा के संचालक श्री हनीफ खान ने कहा कि बदलते समय के साथ पेट्रोल पंप व्यवसाय में कई प्रकार की नई चुनौतियां सामने आ रही हैं, जिनसे निपटने के लिए सभी संचालकों का संगठित रहना अत्यंत आवश्यक है।
अध्यक्ष श्री अलखनाथ पाण्डेय जी ने कहा कि संगठन की मजबूती ही सभी समस्याओं का समाधान है। उन्होंने सभी पेट्रोल पंप संचालकों से एकजुट होकर कार्य करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या आने पर आपसी समन्वय एवं सहयोग के माध्यम से उसका समाधान निकालने की बात कही।
लक्ष्मी पैट्रोल पंप के संचालक ज्ञान केसरी ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करना भी सभी संचालकों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में बैठक में मारुति नंदन सोनी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, समय-समय पर बैठक आयोजित करने तथा पेट्रोल पंप व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन एवं संबंधित विभागों तक पहुंचाने पर भी सहमति जताई।
आयोजित बैठक में आनंद दुबे, ओंकार तिवारी, जैनेंदु कुमार सिंह, एम.एन. सिंह, मारुति सोनी, चंदन केसरी, ज्ञान केसरी, हनीफ खान, अमरेंद्र पांडे, संजय कुमार सहित जिले के गढ़वा, धुरकी, डंडई, मेराल, श्री बंसीधर नगर, अटौला, मझिआंव, बेलचंपा, रंका, बरडीहा, कांडी, रमुना, सहित विभिन्न क्षेत्रों के पेट्रोल पंप के संचालक उपस्थित रहे।

