गांडेय में महिला संगठन ने कमाए 9.12 लाख रुपये, वार्षिक आमसभा में महिला सशक्तिकरण पर जोर

गांडेय: बड़कीटांड आजीविका महिला संकुल संगठन ने कमाए 9.12 लाख रुपये
गांडेय प्रखंड के देवनडीह कार्यालय में बड़कीटांड आजीविका महिला संकुल संगठन का तीसरा वार्षिक आमसभा आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पांच पंचायतों से आजीविका सखी मंडल और ग्राम संगठनों की महिलाएं शामिल हुईं।
बैठक में संगठन की पिछले वर्ष की गतिविधियों, सरकारी योजनाओं के समन्वय, नियमित बचत और महिला सशक्तिकरण पर चर्चा हुई। संगठन द्वारा विभिन्न ग्राम संगठनों से वित्तीय सहयोग प्राप्त कर कुल 9 लाख 12 हजार 712 रुपये का लाभ अर्जित करने की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने कृषि, पशुधन और पशुधन सेवा केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया।
इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिला कैडर, सखी मंडल, ग्राम संगठन और संगठन के पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों समूह सदस्य और संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।