एम.के.डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
एम.के.डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
डालटनगंज। एम.के.डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, चियांकी, डालटनगंज में 19 मई 2026 को कक्षा 12वीं के उन विद्यार्थियों के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिन्होंने सीबीएसई परीक्षा में 90 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। समारोह में विद्यार्थियों की शानदार उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
विद्यालय के विज्ञान संकाय के छात्र जय मंजश लकड़ा ने 97.2% अंक प्राप्त कर न केवल विज्ञान वर्ग में टॉप किया, बल्कि पलामू प्रमंडल टॉपर बनने का गौरव भी हासिल किया। उन्होंने जीवविज्ञान विषय में 100 में 100 अंक प्राप्त किए। वहीं अर्घदीप झा ने रसायन विज्ञान में 100 में 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की।
सम्मानित विद्यार्थियों में ऋचा कुमारी (97%), गीत शर्मा (95%), कौशल राज (94%), इंद्रजीत (92.2%), अभार्थी राय (92%), अघदीप झा (91.8%), दीपिका (91.2%), अंकित कुमार गुप्ता (91%) तथा शाकेशी सिंह (90%) शामिल रहे।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती इंद्राणी चटर्जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।
समारोह के दौरान जीवविज्ञान शिक्षक श्री तुषार घोष तथा रसायन विज्ञान शिक्षक श्री सौरव दास को उनके उत्कृष्ट शिक्षण प्रदर्शन एवं समर्पण के लिए प्राचार्या श्रीमती इंद्राणी चटर्जी द्वारा सम्मानित किया गया।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।


