दिव्यांग दंपति से मिले उपायुक्त, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

दिव्यांग दंपति से मिले उपायुक्त, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को समाहरणालय परिसर में रेहला क्षेत्र के केतात कला निवासी दिव्यांग दंपति प्रमोद कुमार साव एवं उनकी धर्मपत्नी सरिता देवी से मुलाकात की। इस दौरान दंपति ने अपनी दैनिक आवाजाही एवं आवश्यक कार्यों के निष्पादन में हो रही कठिनाइयों से अवगत कराते हुए बैटरी संचालित स्कूटी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।उपायुक्त ने दंपति की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक पहल करने एवं नियमानुसार उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के अधिकारों एवं उनकी आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील है तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।उपायुक्त श्री शेखावत ने दंपति को हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को सम्मानजनक एवं सुगम जीवन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।