दिनेश प्रजापति को श्रद्धांजलि, अविनाश देव बोले—समाज के प्रति उनका समर्पण रहेगा प्रेरणास्रोत
दिनेश प्रजापति को श्रद्धांजलि, अविनाश देव बोले—समाज के प्रति उनका समर्पण रहेगा प्रेरणास्रोत
मेदिनीनगर। रांची निवासी समाजसेवी दिनेश प्रजापति के आकस्मिक निधन पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में संत मरियम स्कूल के चेयरमैन एवं झारखंड सरकार के माटी कला बोर्ड के निवर्तमान सदस्य अविनाश देव ने उन्हें सामाजिक सरोकारों और संगठनात्मक प्रतिबद्धता का अमिट हस्ताक्षर बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति दिनेश प्रजापति का समर्पण, सहज व्यवहार और संगठन के लिए उनकी निष्ठा हमेशा याद रखी जाएगी। अविनाश देव ने कहा कि वर्ष 2019 में आयोजित ऐतिहासिक कुम्हार महापंचायत को सफल बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही और समाज के लिए उनके अधूरे सपनों को मिलकर पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्रद्धांजलि सभा में अविनाश देव ने दिवंगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घोषणा की कि समाज के सहयोग से दिनेश प्रजापति की स्मृति में प्रतिमा स्थापित करने तथा उनके जीवन और सामाजिक योगदान पर आधारित एक संस्मरण स्मारिका प्रकाशित करने का प्रयास किया जाएगा। अंत में उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

