धुरकी पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, सामाजिक कुरीतियों और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
धुरकी पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत रक्सी चौक के पास थाना प्रभारी जनार्दन राउत के नेतृत्व में महिला एवं पुरुषों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को समाज में फैली विभिन्न सामाजिक कुरीतियों एवं अपराध से बचाव को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई।अभियान के दौरान पुलिस ने मध् निषेध, नशा मुक्ति, जमीन विवाद, साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा, डायन-भूत जैसी अंधविश्वास की प्रथा, दहेज प्रथा सहित अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति लोगों को जागरूक किया। साथ ही किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में डायल 112 तथा साइबर अपराध से संबंधित शिकायत के लिए 1930 नंबर पर सूचना देने की अपील की गई।
वहीं थाना प्रभारी राउत ने कहा कि समाज को अपराध एवं नशे से मुक्त बनाने के लिए पुलिस के साथ-साथ आम लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि लोग किसी भी तरह के विवाद को हिंसक रूप देने के बजाय कानून का सहारा लें। जमीन विवाद के मामलों में आपसी समझौते और कानूनी प्रक्रिया का पालन करें।
उन्होंने साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या पासवर्ड साझा नहीं करने की सलाह दी। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस आम जनता की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

