धुरकी पुलिस का जागरूकता अभियान, नशा, साइबर अपराध और अंधविश्वास पर चेतावनी
धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरचैया गांव में ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में मध निषेध, नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन, डायन-भूत जैसी अंधविश्वासी कुप्रथाओं से बचाव, दहेज प्रथा के दुष्परिणाम, डायल 112 की उपयोगिता तथा अन्य सामाजिक कुरीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में ग्रामीणों से अपील की गई कि वे समाज में फैली बुराइयों के खिलाफ जागरूक रहें और कानून का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लें।
इस अवसर पर थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने का ही कार्य नहीं करती, बल्कि समाज को जागरूक एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में भी लगातार प्रयासरत रहती है। उन्होंने कहा कि नशा परिवार और समाज दोनों के लिए घातक है, इसलिए युवाओं को इससे दूर रहना चाहिए। साइबर अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, ऐसे में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी अथवा पासवर्ड किसी से साझा न करें। उन्होंने ग्रामीणों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।
थाना प्रभारी ने कहा कि डायन-भूत जैसी अंधविश्वासी बातों पर विश्वास करने के बजाय वैज्ञानिक सोच अपनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए सभी लोगों को आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना, अपराध या सहायता की आवश्यकता होने पर तुरंत डायल 112 पर कॉल करें, ताकि पुलिस समय पर सहायता उपलब्ध करा सके। अंत में उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस का सहयोग करने, अपराध एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाने तथा एक सुरक्षित, शिक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।


