चतरो सुरक्षित वन में क्वार्ट्ज का अवैध उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, क्वार्ट्ज लदा ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार

चतरो सुरक्षित वन में क्वार्ट्ज का अवैध उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई, क्वार्ट्ज लदा ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार

गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल के चतरो सुरक्षित वन क्षेत्र में बालमुकुंद प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सफेद पत्थर (क्वार्ट्ज) का अवैध उत्खनन का खुलासा हुआ। सुबह 5 बजे वन प्रमंडल पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिलते ही गिरिडीह वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी के नेतृत्व में गश्ती दल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ।
गिरिडीह-धनबाद मुख्य मार्ग पर चतरो के पास गश्ती दल को क्वार्ट्ज से लदा ट्रैक्टर ट्रेलर दिखा। वाहन को दूर से देखते ही चालक ट्रैक्टर सड़क पर खड़ा कर फरार हो गया। जब्त ट्रैक्टर को वन प्रक्षेत्र कार्यालय परिसर ले जाया गया। अज्ञात चालक व वाहन मालिक के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है।
वन प्रमंडल पदाधिकारी ने बताया कि अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गश्त बढ़ा दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गश्ती दल में प्रभारी वनपाल रोहित कुमार, उप परिसर पदाधिकारी सिकंदर पासवान, अशोक कुमार, संजय पंडित, संजयकांत यादव व बिरेंद्र कुमार शामिल थे।