चार राज्यों की पुलिस की समन्वय बैठक, सीमावर्ती अपराध रोकने पर बनी रणनीति
गढ़वा धुरकी अंतर्राज्यीय कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा विभिन्न राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से वाड्रॉफ नगर, छत्तीसगढ़ में अंतर्राज्यीय पुलिस समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं झारखंड पुलिस के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया। झारखंड की ओर से धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत भी बैठक में शामिल हुए और क्षेत्र से जुड़े सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, अंतर्राज्यीय अपराधियों की धरपकड़, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, पशु तस्करी तथा अन्य संगठित अपराधों की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसके अलावा विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, संयुक्त अभियान चलाने तथा आवश्यकतानुसार समन्वित कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्यों के बीच बेहतर तालमेल अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ऐसी समन्वय बैठकें पुलिस के बीच आपसी सहयोग को बढ़ाने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में भी प्रभावी भूमिका निभाती हैं। बैठक में त्योहारों, विशेष अवसरों तथा संवेदनशील परिस्थितियों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने, नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच करने का निर्णय लिया गया।बैठक के अंत में सभी राज्यों के पुलिस अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थायी शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार की समन्वय बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी, ताकि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम जनता में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण और अधिक मजबूत हो सके।


