बरवाडीह में प्रखंड स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, नावाडीह ने सुवा को 2-0 से हराया

बरवाडीह। प्रखंड के छेचा हाई स्कूल मैदान में शनिवार को प्रखंड स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शानदार शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन यूथ कांग्रेस के प्रदेश समन्वयक विजय बहादुर सिंह ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन समारोह में कांग्रेस के प्रदेश सचिव रवींद्र राम, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू, उप मुखिया राणा सिंह, अवधेश मेहरा, संजीव श्रीवास्तव समेत कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

उद्घाटन मुकाबला पलामू के रामगढ़ प्रखंड की नावाडीह टीम और सदर प्रखंड की सुवा टीम के बीच हुआ। मुकाबले में नावाडीह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुवा को 2-0 से शिकस्त दी।

टूर्नामेंट शुरू होने से क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की फुटबॉल प्रतिभाओं को मंच देना और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है।

बरवाडीह से रिपोर्ट—अर्चना कुमारी।