ब्रेक फेल ट्रक की मरम्मत कर रहे दो युवकों को पीछे से दूसरे ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत
गिरिडीह। जमुआ थाना क्षेत्र के बिशनपुर निवासी संजय यादव और बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा निवासी मुकेश यादव को रविवार को सड़क दुर्घटना में गंभीर चोटें आईं, जिसमें संजय यादव ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना नवादा (बिहार) मुख्य मार्ग पर तब हुई जब दोनों अपने ट्रक की मरम्मत कर रहे थे।
परिजनों ने बताया कि संजय और मुकेश दोनों ट्रक में छड़ लोड कर बिहार के नवादा गए थे। माल उतरवाकर वापस गिरिडीह आ रहे थे, तभी नवादा मेन रोड पर उनके ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। सड़क किनारे ट्रक रोककर दोनों गाड़ी की मरम्मत कर रहे थे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय और मुकेश दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को धनबाद रेफर किया। धनबाद ले जाते समय रास्ते में ही संजय यादव की मौ,त हो गई। जिसके बाद परिजनों ने दोनों को गिरिडीह सदर अस्पताल ले आए, वहीं मुकेश का गिरिडीह सदर अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर है।
मृ,तक संजय यादव अपने पीछे पत्नी व 2 और 5 साल के दो छोटे बेटे छोड़ गए हैं। मौ,त की सूचना मिलते ही परिजन और गांववाले गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंच गए, जहां सभी का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
वहीं पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है, पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

