बकाया वसूली को लेकर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, पांच दुकानें सील
बकाया वसूली को लेकर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, पांच दुकानें सील
री-एग्रीमेंट और लंबित किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों पर चला निगम का शिकंजा
गिरिडीह। नगर निगम की दुकानों से लंबित बकाया राशि की वसूली को लेकर नगर निगम प्रशासन ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा के निर्देश पर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए बकाया राशि और री-एग्रीमेंट की देय राशि जमा नहीं करने वाले पांच दुकानों को सील कर दिया।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, कई दुकानदारों के पास दुकान का किराया और री-एग्रीमेंट से संबंधित राशि लंबे समय से लंबित थी। निर्धारित राशि का भुगतान नहीं किए जाने के बाद निगम की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दुकानों को सील किया।
नगर आयुक्त ने सभी संबंधित दुकानदारों से अपील की है कि वे अपने दुकानों का लंबित किराया, बकाया राशि और री-एग्रीमेंट से संबंधित देय राशि निर्धारित प्रक्रिया के तहत नगर निगम कार्यालय में जमा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बकाया राशि का समय पर भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
इसके अलावा नगर आयुक्त ने नगर निगम क्षेत्र के सभी होल्डिंगधारियों से होल्डिंग टैक्स और वाटर टैक्स समय पर जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सेवाओं और विकास कार्यों के सुचारु संचालन के लिए कर एवं शुल्क का समय पर भुगतान जरूरी है।
नगर निगम प्रशासन ने करदाताओं और दुकानदारों से अपने लंबित देयकों का शीघ्र भुगतान कर निगम की राजस्व वसूली व्यवस्था को मजबूत करने में सहयोग करने की अपील की है।

