बदहाल सड़क पर बढ़ा बवाल: बालू ढुलाई का विरोध करने पर ग्रामीणों से मारपीट, वर्षों से सड़क निर्माण नहीं होने पर फूटा आक्रोश

विधायक के आश्वासन के बाद भी नहीं हुआ निरीक्षण, सांसद व प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप; बैरियो, नारायणतरी व गम्हारतरी के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई

चतरा : चतरा सदर प्रखंड अंतर्गत डाढा पंचायत के बैरियो गांव की वर्षों पुरानी सड़क समस्या एक बार फिर चर्चा में है। हाल ही में जर्जर सड़क को लेकर समाचार प्रकाशित होने तथा विधायक जनार्दन पासवान द्वारा शीघ्र निरीक्षण एवं सड़क निर्माण का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक न तो गांव का भ्रमण हुआ और न ही निर्माण कार्य शुरू हो सका। इससे ग्रामीणों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इसी बीच रविवार को सड़क विवाद ने नया मोड़ ले लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर मार्ग से बालू लदे ट्रैक्टरों के परिचालन का विरोध करने और सड़क के गड्ढों में बालू भरवाने की बात कहने पर भुइंयाडीह निवासी ट्रैक्टर मालिक मुकेश कुमार एवं उसके भाई सागर उर्फ टूटू द्वारा चतरा से लौट रहे जयराम गंझू, प्रेम गंझू और प्रयाग गंझू के साथ मारपीट की गई। सोमवार को बैरियो, नारायणतरी और गम्हारतरी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण एकत्र होकर घटना पर रोष जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में सड़क पूरी तरह गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो चुकी है। इसके बावजूद एनजीटी लागू रहने के दौरान भी इसी मार्ग से लगातार बालू ढुलाई हो रही है, जिससे सड़क की स्थिति और खराब होती जा रही है। उनका आरोप है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग के बावजूद न तो विधायक जनार्दन पासवान, न सांसद कालीचरण सिंह और न ही जिला प्रशासन ने इस दिशा में ठोस पहल की है।
ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के दौरान सड़क निर्माण का वादा किया गया था और हाल में भी समाचार प्रकाशित होने के बाद शीघ्र निरीक्षण का आश्वासन मिला था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी सड़क से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, गर्भवती महिलाएं, किसान और हजारों ग्रामीण आवागमन करते हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मारपीट मामले की निष्पक्ष जांच, कथित अवैध बालू ढुलाई पर कार्रवाई तथा सड़क का शीघ्र नवनिर्माण कराने की मांग की है। साथ ही विधायक जनार्दन पासवान, सांसद कालीचरण सिंह और उपायुक्त रवि आनंद से अविलंब हस्तक्षेप कर वर्षों पुरानी सड़क समस्या का स्थायी समाधान कराने की अपील की है।

You may have missed