बैरियाडीह में साहू समाज की महाबैठक, मोड़ का नाम हुआ ‘भामाशाह चौक’, नई कार्यकारिणी गठित

बैरियाडीह में साहू समाज की ऐतिहासिक महाबैठक, बैरियाडीह मोड़ अब दानवीर भामाशाह चौक के नाम से जाना जाएगा

नौडीहा बाजार/पप्पू यादव

छतरपुर प्रखंड अंतर्गत बैरियाडीह: नगर पंचायत बैरियाडीह के लिए आज सोमवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। बैरियाडीह मोड़ स्थित श्री सीताराम जी के आवास पर साहू समाज की प्रखंड स्तरीय महाबैठक का भव्य आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समाज के कद्दावर नेता राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने की, जबकि संचालन की बागडोर तेजस्वी वक्ता रघुराज प्रसाद गुप्ता ने संभाली। इस महाबैठक में समाज के 27 गणमान्य, बुद्धिजीवी और युवा साथियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

बैठक का सबसे बड़ा ऐतिहासिक फैसला – भामाशाह चौक का निर्माण

साहू समाज ने एकता और जोश के साथ सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि बैरियाडीह मोड़ को अब एक नई पहचान दी जाएगी। अब यह मोड़ दानवीर, राष्ट्रभक्त, त्याग और बलिदान की मिसाल भामाशाह जी के नाम पर भामाशाह चौक के नाम से जाना जाएगा।

तय किया गया कि चौक पर विशाल और आकर्षक बोर्ड लगाकर ‘भामाशाह चौक’ लिखवाया जाएगा, ताकि आने वाली युवा पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा ले सके और समाज में दान और त्याग की भावना जागृत हो। इस पुनीत कार्य की पूरी जिम्मेदारी बैरियाडीह के समस्त ग्रामवासियों और युवा शक्ति को सौंपी गई है। इस फैसले के बाद पूरे गांव में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

समाज को नई ऊर्जा देने के लिए नई कार्यकारिणी का गठन

समाज को और अधिक संगठित और मजबूत बनाने के लिए सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया –

अध्यक्ष – राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता
महामंत्री – कमलेश कुमार गुप्ता
सचिव – रघुराज प्रसाद गुप्ता
कोषाध्यक्ष – धर्मेन्द्र गुप्ता
संरक्षक – जितेन्द्र कुमार गुप्ता

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और हर सुख-दुख में समाज के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।

अंत में समाज के वरिष्ठ बेचन प्रसाद गुप्ता जी ने सभी आगंतुकों का दिल से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया और बैठक की समाप्ति की घोषणा की।