असिस्टेंट कमांडेंट बने गुरुकृपा के पूर्व छात्र सोनू, विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान
असिस्टेंट कमांडेंट बने गुरुकृपा के पूर्व छात्र सोनू, विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान
हरिहरगंज (पलामू)। असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर चयनित गुरुकृपा कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल सह कोचिंग सेंटर के पूर्व छात्र सोनू कुमार के सम्मान में सोमवार को विद्यालय परिसर में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। अररुआ खुर्द स्थित विद्यालय में शिक्षकों ने सोनू को फूल माला पहनाकर, गुलदस्ता भेंट कर और मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। सोनू की उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा।
सम्मान समारोह में सोनू कुमार ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनकी सफलता में गुरुकृपा के शिक्षकों का मार्गदर्शन, अनुशासन और प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
सोनू ने बताया कि अपने पहले प्रयास में वह महज पांच अंकों से सफलता से चूक गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। इसके बाद दिल्ली में प्रतिदिन करीब 12 घंटे सेल्फ स्टडी कर तैयारी जारी रखी और दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की।
विद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार सिंह ने कहा कि सोनू की उपलब्धि पूरे गुरुकृपा परिवार के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता विद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। मौके पर निदेशक विजय सिंह, उप प्राचार्य वशिष्ठ सिंह, शिक्षक धर्मेंद्र सिंह, महेंद्र कुमार, अजीत मिश्रा, पप्पू सिंह, विद्यानंद, इरशाद, रवि कुमार, नवीन सिंह, पूजा कुमारी, निर्मल सिंह, संगीता कुमारी, संजना, सना, रवि प्रतीक समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

