अनुमंडल पदाधिकारी ने गढवा, मझिआंव तथा कांडी प्रखंड के गोदाम का किया निरीक्षण

अनुमंडल पदाधिकारी ने गढवा, मझिआंव तथा कांडी प्रखंड के गोदाम का किया निरीक्षण

गढ़वा। अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने गुरुवार को सुबह-सुबह गढ़वा प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। जहां सर्वप्रथम उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी ली, तदुपरांत प्रखंड कार्यालय परिसर में फैली गंदगी को देख अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे परिसर को साफ सुथरा बनाए रखने के लिए आवश्यक पहल करें।
इसके बाद उन्होंने बीडीओ तथा सीओ की मौजूदगी में प्रखंड स्थित खाद्य गोदाम का निरीक्षण कर स्टॉक पंजी के अनुरूप वर्तमान स्टॉक की जांच की, साथ ही भंडारण व्यवस्था आदि के बारे में एजीएम से विस्तृत जानकारी ली।
इसके उपरांत मझिआंव प्रखंड परिसर स्थित खाद्य गोदाम का प्रखंड विकास पदाधिकारी सह पणन अधिकारी की मौजूदगी में भंडारण की जांच की एवं आवश्यक निर्देश दिए। तदुपरांत कांडी प्रखंड में अंचल अधिकारी और एजीएम की मौजूदगी में वहां के खाद्य गोदाम के स्टॉक का निरीक्षण किया। तीनों प्रखंडों के भ्रमण के क्रम में उन्होंने प्रखंड स्तर पर चल रहीं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, दाखिल खारिज, भूमि विवाद आदि की अद्यतन स्थिति के बारे में जाना तथा लंबित मामलों के बारे में यथाशीघ्र कार्रवाई करने हेतु कहा। इस दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालयों में पहुंचे स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया, उनकी समस्याओं को जाना तथा मौके पर मौजूद पदाधिकारियों को उनकी समस्या का हल करने हेतु निर्देशित किया।