अंबा गढ़ा में धूमधाम से मनी विश्वकर्मा पूजा, रातभर चला रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
भगवान विश्वकर्मा हमारे आदर्श, धार्मिक अनुष्ठानों से सनातन होगा सशक्त : मंगल सिंह भोक्ता
अंबा गढ़ा में धूमधाम से मनी विश्वकर्मा पूजा, रातभर चला रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
गुमला। सृष्टि के शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा की पूजा गुमला और आसपास के क्षेत्रों में आस्था एवं श्रद्धा के साथ धूमधाम से मनाई गई। अंबोआ पंचायत के अंबा गढ़ा में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान के साथ रात्रि में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और देर रात तक गीत-संगीत का आनंद लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद प्रतिनिधि भोला चौधरी, भाजपा नेता मंगल सिंह भोक्ता, आजसू नेता दिलीप नाथ साहू, गोपीनाथ सिंह, शिवदयाल साहू, योगेंद्र सिंह, आयोजन समिति के संरक्षक सुदन लोहारा, विश्व हिंदू परिषद के नेता मनीष बाबू एवं समाजसेवी महेश सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद लोक गायक महावीर साहू की भक्ति वंदना से कार्यक्रम का आगाज हुआ।
धार्मिक आयोजनों से मजबूत होती है सांस्कृतिक पहचान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता मंगल सिंह भोक्ता ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के महान शिल्पकार हैं और हमारे आदर्श हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी परंपरा एवं आस्था से जुड़े हैं। ऐसे आयोजनों से सनातन परंपरा और सामाजिक एकजुटता को मजबूती मिलती है।
पूर्व सांसद प्रतिनिधि भोला चौधरी एवं आजसू नेता दिलीप नाथ साहू ने कहा कि पूजा-पाठ, उपासना, गीत-संगीत और लोक संस्कृति हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं। इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास के साथ ऐसे आयोजनों की निरंतरता भी जरूरी है। अतिथियों ने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अरविंद लोहारा ने आयोजन समिति के सदस्यों के साथ अतिथियों का स्वागत किया।
रातभर गीत-संगीत ने बांधा समां
सुखदेव म्यूजिकल ग्रुप के संगीत संयोजन में लोक गायक महावीर साहू, गायिका सुहाना देवी, पूनम देवी, शंकर विश्वकर्मा, बबलू नायक, अभिमन्यु लोहारा एवं प्रकाश सिंह ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किए। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर देर रात तक श्रोता झूमते रहे। दीपक कुमार बड़ाईक की प्रभावी एंकरिंग ने कार्यक्रम में उत्साह बनाए रखा।
मौके पर विश्वकर्मा पूजा समिति के संरक्षक सुदन लोहारा, रवि राम, विक्रम लोहारा, कुलदीप लोहारा, लक्ष्मण, ओम कुमार, महेश नायक, शिव लोहरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
सुरसुरिया मोड़ पर भी हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर सुरसुरिया मोड़ में भी केशव सिंह एवं शंकर सिंह के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्थानीय लोगों ने रातभर नागपुरी गीत-संगीत का आनंद लिया। शुक्रवार को विधिवत प्रतिमा विसर्जन के साथ विश्वकर्मा पूजा का समापन हुआ।



