पांकी में विधिक सशक्तिकरण शिविर आयोजित, जरूरतमंदों के बीच पेंशन, जॉब कार्ड सहित परिसंपत्तियों का वितरण
पांकी में विधिक सशक्तिकरण शिविर आयोजित, जरूरतमंदों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण
निःशुल्क कानूनी सहायता, मौलिक अधिकारों एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
पांकी (पलामू) : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन एवं पलामू के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राधा कृष्ण के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पलामू के तत्वावधान में रविवार को पांकी प्रखंड सभागार में विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी सह सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) सुश्री रोजनीला बारा मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में बाल विकास परियोजना की डुमनी हांसदा एवं अन्य महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर न्यायिक पदाधिकारी का स्वागत किया। वहीं, पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) चंद्रदेव प्रजापति ने गुलदस्ता भेंटकर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारी सुश्री रोजनीला बारा ने कहा कि विधिक सशक्तिकरण शिविर का उद्देश्य लोगों को कानूनी न्याय के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक न्याय उपलब्ध कराना है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है। न्यायपालिका अब सीधे आम जनता से जुड़कर उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में पहल कर रही है। समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरल, सुलभ एवं न्यायपूर्ण व्यवस्था पहुंचाना प्राथमिकता है। पीएलवी चंद्रदेव प्रजापति ने लोगों को कानूनी जागरूकता, मौलिक अधिकारों तथा निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी कानूनी समस्या के समाधान के लिए डालसा से संपर्क करने की अपील की। प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद ने कहा कि विधिक सशक्तिकरण शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों में जागरूकता लाना है। जानकारी के अभाव में कई लोग अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को कानूनी रूप से सशक्त बनाने के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही है। वहीं, उप प्रमुख अमित कुमार चौहान ने कहा कि अब न्याय लोगों के दरवाजे तक पहुंच रहा है, जिससे जरूरतमंदों को काफी लाभ मिल रहा है। शिविर में आम नागरिकों को कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, न्यायिक सेवाओं एवं विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान पात्र लाभुकों के बीच पेंशन, बैसाखी, जॉब कार्ड, साड़ी-धोती, जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न परिसंपत्तियों एवं सरकारी योजनाओं के लाभ का वितरण किया गया। शिविर के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने तथा कानूनी रूप से जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उप प्रमुख अमित कुमार चौहान अंचल निरीक्षक उपेंद्र नारायण सिंह, बाल विकास परियोजना की डुमनी हांसदा, प्रखंड कार्यालय के धर्मजीत कुमार, मुखिया पति जसवंत राम, अंचल कार्यालय के प्रधान सहायक संजय कुमार सहित प्रखंड एवं अंचल के कर्मी उपस्थित थे।

