राज्यपाल से मिला झारखंड छात्र मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल, विश्वविद्यालय की समस्याओं से कराया अवगत
गिरिडीह। झारखंड छात्र मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात कर विनोबा भावे विश्वविद्यालय एवं इसके अंतर्गत संचालित विभिन्न महाविद्यालयों की समस्याओं और शैक्षणिक मुद्दों से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व झामुमो छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष अभय कुमार ने किया।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय और विभिन्न महाविद्यालयों में छात्रों को हो रही परेशानियों तथा शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा। साथ ही विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने और महाविद्यालयों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में पहल करने की बात कही।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का समय पर निराकरण करना और उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष रोहित मंडल, यूनिवर्सिटी उपाध्यक्ष प्रिंस प्रभाकर एवं राकेश कुमार शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के समक्ष उठाए गए शैक्षणिक मुद्दों पर सकारात्मक पहल होगी और विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।

